Khunti News :- खूंटी जिले के मरंगहादा थाना क्षेत्र अंतर्गत काड़े तुंबिद गांव में हुए ग्राम प्रधान और भाजपा नेता बलराम मुंडा की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को एसपी मनीष टोप्पो ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी ,एसपी ने बताया कि 28 जून की रात अज्ञात अपराधियों ने ग्राम प्रधान बलराम मुंडा के घर में घुसकर पहले लूटपाट की और फिर धारदार हथियार व गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। इस हमले में उनका भांजा अचू मुंडा भी गंभीर रूप से घायल हो गया था।
घटना के तुरंत बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ वरुण रजक के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। इस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बीरबल मुंडा, सीनू मुंडा और बुधराम हास्सा को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार और गोली भी बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की जानकारी के आधार पर पुलिस ने मोहन टोली गांव में छापेमारी कर अन्य आरोपितों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों में विभिन्न गांवों के लोग शामिल हैं—जैसे गितिलबेड़ा, गडामाड़ा, सायको, अड़की, तमाड़ और सरायकेला खरसावां।
हालांकि, दो आरोपित—अभिषेक हस्सा और कालिप पूर्ति के खिलाफ हत्या में सीधा साक्ष्य नहीं मिला है, लेकिन उनके पास से देसी कट्टा और गोली मिलने के कारण उनके खिलाफ अलग मामला दर्ज किया गया है।
इस छापेमारी में खूंटी, मरंगहादा, सायको थाना के कई पुलिसकर्मी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

