जन सुराज अभियान: बिहार में शिक्षा और रोजगार के लिए प्रशांत किशोर का संकल्प
बिहार बदलाव यात्रा: निजी स्कूल की फीस सरकार देगी, बेरोजगारी पर बड़ा वादा
Bettiah News: जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने रविवार को पश्चिम चंपारण के बैरिया प्रखंड में ‘बिहार बदलाव सभा’ को संबोधित करते हुए कई बड़े ऐलान किए। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार बनने पर बिहार के 60 वर्ष से अधिक उम्र के हर पुरुष और महिला को ₹2000 मासिक पेंशन दी जाएगी।
प्रशांत किशोर ने कहा कि पिछले तीन वर्षों से वे गांव-गांव जाकर लोगों से मिल रहे हैं और देखा है कि आज भी बच्चों के पास पहनने को ढंग के कपड़े और पैरों में चप्पल नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने बच्चों की चिंता करें, क्योंकि नेता ऐसा नहीं करेंगे।उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि लालू यादव अपने बेटे को राजा बनाना चाहते हैं, जबकि वह 9वीं पास भी नहीं है। दूसरी ओर, बिहार में ऐसे कई युवा हैं जो मैट्रिक, बीए, एमए तक की पढ़ाई कर चुके हैं लेकिन बेरोजगार हैं।
प्रशांत किशोर ने ऐलान किया कि दिसंबर 2025 से 15 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को निजी स्कूलों में मुफ्त शिक्षा दी जाएगी और फीस सरकार वहन करेगी। उन्होंने कहा कि जब तक सरकारी स्कूलों की स्थिति नहीं सुधरती, तब तक सरकार गरीब बच्चों की प्राइवेट स्कूल की फीस भरेगी ताकि हर बच्चा अंग्रेजी मीडियम में पढ़ सके।
उन्होंने यह भी वादा किया कि छठ पर्व के बाद बैरिया के युवाओं को रोज़गार की तलाश में बाहर नहीं जाना पड़ेगा, क्योंकि स्थानीय स्तर पर ही रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।सभा के अंत में उन्होंने लोगों से अपील की कि अगली बार वोट किसी नेता के चेहरे को देखकर नहीं, बल्कि अपने बच्चों की शिक्षा और भविष्य को ध्यान में रखकर दें।

