Seraikela News:- केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने सोमवार को झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड सुपर मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल के नए प्रशासनिक भवन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कोल्हान क्षेत्र में मेडिकल शिक्षा और तसर उद्योग आने वाले समय में क्षेत्रीय विकास की मजबूत आधारशिला बनेंगे।
गिरिराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा बदलाव आया है। “मेडिकल सीटों की संख्या यूपीए सरकार की तुलना में अब दोगुनी हो चुकी है। कोल्हान में नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एक नई क्रांति लाएगा और स्थानीय युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करेगा।” उन्होंने झारखंड के तसर उद्योग को संभावनाओं से भरपूर बताते हुए कहा कि रांची के नगड़ी से इंडोर तसर की शुरुआत हो चुकी है और यह पूरे राज्य में विस्तारित किया जाएगा।
गिरिराज सिंह ने कहा कि कपड़ा मंत्रालय तसर उद्योग को मजबूत करने के लिए आधुनिक तकनीक और संसाधनों को ग्रामीण किसानों तक पहुंचाने पर काम कर रहा है। इससे तसर उत्पादन के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी।
राजनीतिक सवालों पर उन्होंने बिहार में एनडीए की पूर्ण बहुमत वाली सरकार की भविष्यवाणी करते हुए कहा कि जनता अब लालू यादव के भ्रष्टाचार और अराजकता के युग को दोहराने की गलती नहीं करेगी। झारखंड में भाजपा की स्थिति पर उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी फिर सत्ता में लौटेगी।
पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन द्वारा घुसपैठ पर दिए गए बयान की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि यह भाजपा के एजेंडे का हिस्सा है। अंत में उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को दुनिया का सबसे विकसित राष्ट्र और “विश्वगुरु” बनाने की दिशा में सरकार लगातार कार्य कर रही है।

