East Champaran News:- पुलिस ने विशेष अभियान के तहत अंतर-जिला बाइक चोर गिरोह का खुलासा करते हुए आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया है। एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर रक्सौल डीएसपी मनीष आनंद की अगुवाई में की गई इस कार्रवाई में चोरी की चार बाइक और छह मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रक्सौल शहर के नागा रोड स्थित बाबा मठिया के पास एक आरोपी चोरी की अपाचे बाइक बेचने की कोशिश कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की और पलनवा थाना क्षेत्र के जैतापुर निवासी अभिषेक सिंह और नगर परिषद क्षेत्र के प्रभु राय के पुत्र विशाल कुमार को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान दोनों ने बाइक चोरी गैंग में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और अन्य सदस्यों के नाम भी बताए। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने भेलाही थाना क्षेत्र के जयमंगलपुर निवासी मुन्ना कुमार, डंकन रोड निवासी सोनू सिंह, हरैया थाना क्षेत्र के पनटोका निवासी बबलू कुमार, पश्चिमी चंपारण के बलथर थाना क्षेत्र के सोनू सिंह, सौनाहा निवासी रवि कुमार यादव तथा सिंघपुर निवासी जहीर आलम को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने इनके पास से चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनमें से दो बाइक बिना नंबर प्लेट के पाई गई हैं। साथ ही छह मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं, जिनके जरिए चोरी की वारदातों के तार जोड़े जाने की संभावना है।
जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी अभिषेक सिंह के खिलाफ रक्सौल थाना में चोरी के तीन मामले पहले से दर्ज हैं, जबकि विशाल कुमार पर चोरी के दो मामले चल रहे हैं। पुलिस का मानना है कि यह गिरोह रक्सौल, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण के कई इलाकों में सक्रिय था और लंबे समय से बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था।
डीएसपी मनीष आनंद सहित रक्सौल थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार, एसआई रवि कुमार, कृष्णमुरारी, जितेंद्र कुमार और सशस्त्र बलों की टीम ने संयुक्त रूप से इस अभियान को सफल बनाया। पुलिस अब गिरफ्तार सभी आरोपियों से पूछताछ कर अन्य कड़ियों को भी खंगाल रही है।

