Araia News:– फारबिसगंज के दीनदयाल चौक स्थित ओम एजेंसी के थोक किराना प्रतिष्ठान में 20 नवंबर की शाम हुई 8 लाख 21 हजार रुपये की लूटकांड में पुलिस ने बड़ी सफलता का दावा किया है। तीन दिनों की जांच के बाद पुलिस ने गिरोह की पहचान कर स्थानीय लाइनर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी भागकोहलिया निवासी नरेश मंडल (24) बताया जा रहा है।
रविवार शाम एसपी अंजनी कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस ने लाइनर की गिरफ्तारी के साथ घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल भी बरामद किया है। उन्होंने बताया कि छापेमारी दल ने तकनीकी अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज और गोपनीय सूचनाओं के आधार पर यह कार्रवाई की है।
20 नवंबर को ओम एजेंसी में चार नकाबपोश अपराधियों ने हथियार के बल पर 8.21 लाख रुपये लूट लिए थे। इस संबंध में प्रतिष्ठान के राहुल कुमार की शिकायत पर फारबिसगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने मामले के उद्भेदन के लिए अनुमंडल पदाधिकारी की देखरेख में फारबिसगंज थाना और डीआईयू की संयुक्त टीम बनाकर छापेमारी शुरू की।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार लाइनर ने घटना में शामिल स्थानीय और अंतर जिला अपराधियों के नामों का खुलासा किया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
छापेमारी दल में थानाध्यक्ष राघवेन्द्र कुमार सिंह सहित कई पुलिस अधिकारी और सशस्त्र बल शामिल थे।
उधर, घटना के तीन दिन बाद भी लूट की रकम बरामद न होने और केवल एक लाइनर की गिरफ्तारी को लेकर व्यापारियों के बीच चर्चाओं का बाजार गर्म है। लोग लूटकांड की पूरी सच्चाई सामने आने और बाकी अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

