Saran News: सोनपुर मेला में चल रहे विभिन्न आर्केस्ट्राओं में नाबालिग लड़कियों के शोषण की सूचना मिलने के बाद सारण पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. कुमार आशीष के निर्देश पर हरिहरनाथ थाना पुलिस ने मेला क्षेत्र में छापेमारी कर पाँच नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया। पुलिस के अनुसार, इन लड़कियों को जबरन प्रताड़ित करके आर्केस्ट्रा कार्यक्रमों में नृत्य करने के लिए लाया गया था।
मुक्त कराई गई लड़कियों में उत्तर प्रदेश की दो, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और नेपाल की एक-एक लड़की शामिल है। सभी से प्रारंभिक पूछताछ की जा रही है और पुलिस उनके परिवारों से संपर्क स्थापित कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि आगे की कार्रवाई बाल संरक्षण अधिनियम और संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत की जाएगी ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि बच्चियों को सुरक्षित माहौल मिल सके और भविष्य में उनके अधिकारों का संरक्षण हो।
एसएसपी डॉ. आशीष ने बताया कि यह कार्रवाई राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो द्वारा भेजे गए पत्र के आधार पर की गई। निर्देश मिलते ही हरिहरनाथ थाना पुलिस ने मेला क्षेत्र की घेराबंदी कर छापेमारी की। इस मामले में हरिहरनाथ थाना में कांड संख्या 127/25 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच जारी है।
पुलिस ने कहा कि सोनपुर मेला जैसे भीड़भाड़ वाले आयोजनों में शोषण की संभावना अधिक रहती है, इसलिए सभी आर्केस्ट्रा संचालकों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। किसी भी तरह के अवैध गतिविधि में शामिल पाए जाने पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
सारण पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास किसी महिला या नाबालिग के साथ शोषण, प्रताड़ना या किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की जानकारी हो, तो तुरंत “आवाज दो” हेल्पलाइन नंबर 9031600191 पर सूचना दें। पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

