मुंगेर। दुर्गा पूजा प्रतिमा विसर्जन के दौरान सोमवार को शहर के दीनदयाल उपाध्याय चौक पर अनियंत्रित भीड़ ने पुलिस बल पर जमकर पथराव किया। इस हमले में संग्रामपुर थानाप्रभारी सर्वजीत कुमार, कोतवाली थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह, कासिम बाजार थाना प्रभारी शैलेश कुमार, वासुदेवपुर ओपी इंचार्ज सुशील कुमार सहित 20 पुलिसकर्मी घायल हुए है। वहीं अनुराग पोद्दार नाम के एक व्यक्ति की गोली लगने से मौत हो गई व 6 अन्य घायल हो गए है।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस की ओर से हवाई फायरिंग भी की गई। मौके पर तीन हथियार, गोलियां और खोखे बरामद किए गए है। डीएम व एसपी घटना स्थल पर कैंप कर रहे है। पूरे इलाके में पुलिस का फ्लैग मार्च चल रहा है। मुंगेर एसपी लिपि सिंह ने बताया कि भीड़ की ओर से फायरिंग में एक शख्स की मौत हुई और छह लोग घायल हुए है। उन्होंने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। दोषियो की पहचान की जा रही है। अफवाह पर ध्यान नहीं देने की भी अपील की।

