सुपौल।
बाइक सवार अपराधियों ने बुधवार की देर रात को हथियार के बल पर कोलकाता के टेक्सटाइल व्यवसाय के कर्मी से ₹1.35 लाख लूट लिए। घटना त्रिवेणीगंज- मधेपुरा सीमा के कमरगामा पुल के समीप की है। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। हालांकि पुलिस को यह लूट का मामला संदेहास्पद लग रहा है। पीड़ित कर्मी ओम प्रकाश राठी ने बताया कि वह कोलकाता से अपनी कार से चालक के साथ बकाए रकम की वसूली के लिए निकला था। प्रतापगंज सिमराही ,राघोपुर, पिपरा और त्रिवेणीगंज से कलेक्शन कर मधेपुरा की ओर जा रहा था। इस बीच लघुशंका के लिए पुल के पास कार रोकी थी। इतने में बाइक सवार दो अपराधी आए और हथियार दिखाकर कार का दरवाजा खोलने को कहा , अपराधियों द्वारा गोली मारने की धमकी देने पर कार का दरवाजा खोल दिया। इसके बाद वे गाड़ी में रखे बैग जिसमें ₹135000 से लेकर भाग गए। कर्मी ने बताया कि बैग में एक 3.5 लाख का चेक भी था। उसने बताया कि घटना से घबरा जाने के कारण सूचना देने में देर हुई है। थाना प्रभारी संदीप कुमार सिंह ने मामले को संदेहास्पद बताते हुए कहा कि फिलहाल जांच जारी है।

