Khunti News:– झारखंड के खूंटी जिले में रविवार को अपराधियों ने एक आदिवासीख् कांग्रेस नेता की गोली मारकर हत्या कर दी, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। कर्रा थाना क्षेत्र के लोधमा टीओपी अंतर्गत गुयू गांव में आदिवासी कांग्रेस के प्रखंड महासचिव सुमित तिग्गा (25) की सिर में गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुमित तिग्गा अपने दो दोस्तों के साथ गुयू गांव के समीप जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए अज्ञात अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया और सुमित के सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
घटना के बाद आनन-फानन में परिजन और स्थानीय लोग उन्हें रांची स्थित देवनिका अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सुमित की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों में गहरा आक्रोश देखा गया।
सूचना मिलते ही कर्रा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने जंगल से बीयर की खाली बोतलें और सिगरेट के टुकड़े बरामद किए हैं। पुलिस का मानना है कि हत्या की साजिश कहीं और रची गई थी और अपराधी मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने मृतक के परिजनों और साथ मौजूद दोस्तों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए इलाके में सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। हत्या के कारणों को लेकर पुलिस राजनीतिक रंजिश सहित सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।
सुमित तिग्गा कांग्रेस पार्टी के सक्रिय और उभरते नेता थे तथा क्षेत्र में उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती थी। उनकी हत्या के बाद गुयू गांव सहित आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। सोमवार को गांव में सन्नाटा पसरा रहा और लोग भय के माहौल में नजर आए।
पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

