Palamu News:- झारखंड के पलामू जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां लगातार छेड़छाड़ से परेशान एक महिला ने 65 वर्षीय बुजुर्ग की टांगी से काटकर हत्या कर दी। यह घटना छतरपुर थाना क्षेत्र के लोटो भुरकुड़ियाटांड़ गांव में हुई। पुलिस को 5 अगस्त को सूचना मिली कि गांव के वृक्ष भुइयां की हत्या कर दी गई है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इस संबंध में बिरजू भुइयां के आवेदन पर एफआईआर दर्ज की गई, जिसके बाद संदिग्ध महिला को गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच के दौरान महिला ने स्वीकार किया कि वह लकड़ी लेने जंगल गई थी, जहां वृक्ष भुइयां ने फिर से उसके साथ अशोभनीय हरकत की। महिला ने बताया कि वृक्ष भुइयां पहले भी कई बार छेड़छाड़ कर चुका था। कई बार मना करने के बावजूद वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था।
आरोप है कि उसी दिन जब महिला को अकेला पाया, तो वृक्ष भुइयां ने फिर से छेड़छाड़ की कोशिश की, जिससे परेशान होकर महिला ने पास में रखी टांगी से उस पर हमला कर दिया। टांगी के वार से वृक्ष भुइयां की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त टांगी को बरामद कर लिया है और महिला को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस घटना ने गांव में सनसनी फैला दी है और ग्रामीणों के बीच महिला के पक्ष और विरोध में चर्चा जारी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और कानून सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

