Palamu News:– पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर शहर के दो नंबर टाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत कांदू मुहल्ला में शुक्रवार सुबह एक युवक की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। रेलवे लाइन किनारे झाड़ी में युवक का शव बरामद किया गया, जिसकी पत्थर से कूचकर हत्या की गई थी।
घटना की सूचना मिलते ही टीओपी-02 की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एमएमसीएच) भेजा। मृतक की पहचान लेस्लीगंज निवासी सुनील यादव के रूप में हुई है, जो वर्तमान में कांदू मुहल्ला में रह रहा था।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह कांदू मुहल्ला की कुछ महिलाएं रेलवे लाइन किनारे शौच के लिए गई थीं। इसी दौरान उनकी नजर झाड़ी में पड़े शव पर पड़ी। महिलाओं ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय लोगों को दी, जिसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई।
प्रारंभिक तौर पर शव की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने बताया कि जिस स्थान के पास शव मिला है, वहां से कुछ दूरी पर गुरुवार सुबह गोली चलने की घटना हुई थी। इस कारण स्थानीय लोगों को आशंका थी कि शव गोलीकांड से जुड़े युवक गोलू पासवान का हो सकता है, लेकिन बाद में पुष्टि हुई कि मृतक कोई अन्य व्यक्ति है। कुछ घंटे बाद शव की पहचान सुनील यादव के रूप में की गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक अक्सर स्टेशन परिसर के आसपास घूमता रहता था और उसके बारे में छोटी-मोटी चोरी में संलिप्त होने की भी चर्चा थी। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर ज्योतिलाल रजवार ने बताया कि हत्या के कारणों और इसमें शामिल आरोपितों की पहचान के लिए पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।

