Palamu news:- पलामू जिले में बीते 24 घंटे के भीतर हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई। इन घटनाओं से जिले में हड़कंप मच गया है। दुर्घटनाएं चैनपुर और हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में हुईं। हुसैनाबाद में युवक की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने जपला–छतरपुर मुख्य मार्ग को करीब तीन घंटे तक जाम कर दिया।
हुसैनाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत जपला–छतरपुर मुख्य सड़क पर गम्हरिया गांव के पास सोमवार सुबह स्कूल बस और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार युवक धर्मेन्द्र यादव, निवासी छपरदाग सिकनी (हुसैनाबाद) गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने सोमवार सुबह करीब 9 बजे सड़क जाम कर दिया, जो दोपहर 12 बजे तक जारी रहा। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर दर्जनों वाहन फंस गए। प्रदर्शनकारियों ने बस के टायर से हवा निकाल दी और टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया।
सूचना मिलने पर हुसैनाबाद थाना प्रभारी सोनू चौधरी, अंचल अधिकारी पंकज कुमार और बीडीओ सुनील वर्मा मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। प्रदर्शनकारी मृतक के परिजनों को मुआवजा देने और बस चालक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। काफी मशक्कत के बाद प्रशासन ने हिट एंड रन योजना के तहत मुआवजा और सरकारी लाभ दिलाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम हटाया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। स्कूल बस में सवार सभी बच्चे सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
उधर चैनपुर थाना क्षेत्र के कटुवल गांव में एक अन्य सड़क हादसे में बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान स्वर्गीय सूरज भुइयां की 72 वर्षीय पत्नी शांति कुंवर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, वह टेंपो से उतरकर घर जा रही थीं, तभी तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल महिला को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने बाइक चालक अख्तर अंसारी को हिरासत में लेकर चैनपुर थाना को सौंप दिया है और मामले की जांच जारी है।

