Jamshedour News:- जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र अंतर्गत फार्म एरिया टीसी कॉलोनी रोड में सोमवार सुबह पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान हरिकेश पटेल (28 वर्ष), पिता राधेश्याम प्रसाद, निवासी कदमा थाना क्षेत्र के रूप में हुई है।
सुबह करीब 9:30 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक युवक अवैध हथियार के साथ इलाके में घूम रहा है और लोगों को डराने-धमकाने की कोशिश कर रहा है। सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए फार्म एरिया टीसी कॉलोनी रोड पर छापेमारी की और हरिकेश को घेरकर हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने हथियार रोड नंबर-18 के पास एक खंडहर क्वार्टर के शौचालय में छिपाकर रखा है। हरिकेश की निशानदेही पर पुलिस ने मौके से एक झोले में छिपाकर रखे गए हथियार बरामद किए, जिसमें एक देशी ऑटो पिस्टल (बिना मैगजीन), दो खाली मैगजीन, तीन जिंदा कारतूस, एक लोहे का देशी कट्टा और एक अतिरिक्त जिंदा गोली शामिल है।
बरामद हथियार काफी पुराने और जंग लगे हुए थे, जिससे आशंका है कि ये लंबे समय से छिपाकर रखे गए थे। आरोपी के खिलाफ कदमा थाना में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में डीएसपी मनोज कुमार ठाकुर के नेतृत्व में कदमा थाना के कई पदाधिकारी शामिल थे। सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है ताकि यह पता चल सके कि आरोपी किसी अपराध गिरोह या हथियार तस्करी से तो नहीं जुड़ा है।

