Patna :- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और भाजपा के स्टार प्रचारक योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को सहरसा में एनडीए उम्मीदवारों के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने राजद और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बिहार अब पुराने “लालटेन युग” में नहीं लौटेगा। आज बिहार मेट्रो, रेल कनेक्टिविटी, हाईवे, एयरपोर्ट और वाटरवे जैसी आधुनिक सुविधाओं से जुड़ चुका है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य एलईडी की दूधिया रोशनी में आगे बढ़ रहा है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राजद-कांग्रेस गठबंधन विकास की बात छोड़ “बुर्का राजनीति” कर रही है ताकि फर्जी मतदान के जरिए गरीबों और दलितों के अधिकारों पर डकैती डाल सके। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और राजद की राजनीति बिहार की पहचान को फिर से धूमिल करने की कोशिश कर रही है, जिसे जनता नाकाम कर देगी।
योगी ने सहरसा विधानसभा से भाजपा उम्मीदवार आलोक रंजन झा, सोनबरसा से रत्नेश सादा, महिषी से गुंजेश्वर शाह और सिमरी बख्तियारपुर से लोजपा उम्मीदवार संजय सिंह को विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पहले गरीबों की योजनाओं का लाभ राजद-कांग्रेस के नेताओं में बंट जाता था, लेकिन अब योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों को मिल रहा है।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए योगी ने कहा कि उनके शासनकाल में देश की सुरक्षा खतरे में रहती थी और घुसपैठ बढ़ती थी। उन्होंने कहा कि राजद ने बिहार का नहीं, बल्कि अपने परिवार का विकास किया। वहीं, एनडीए सरकार पूरे भारत के विकास के लिए कार्य कर रही है।
योगी ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा की बात आएगी तो बिहार से कोई नया “जेपी” जरूर खड़ा होगा। उन्होंने डॉ. राजेंद्र प्रसाद और जयप्रकाश नारायण के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि यही बिहार भारत की सांस्कृतिक और लोकतांत्रिक विरासत का वाहक है।

