Patna News:-;। वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन ने बिहार के मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार को 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर हार्दिक बधाई दी है। संस्था ने इसे भारतीय लोकतांत्रिक इतिहास की अद्वितीय उपलब्धि बताया है।
संस्था की ओर से भेजे गए बधाई पत्र में कहा गया है कि वर्ष 1947 से 2025 तक के इतिहास में श्री नीतीश कुमार देश के पहले ऐसे नेता बने हैं, जिन्होंने 10 बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर एक नया रिकॉर्ड स्थापित किया है। इसे भारत के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया गया है।
वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने लिखा है कि यह उपलब्धि नीतीश कुमार की दृढ़ प्रतिबद्धता, जनसेवा के प्रति समर्पण, दूरदर्शी नेतृत्व और बिहार की जनता के उन पर निरंतर विश्वास को दर्शाती है। संस्था ने कहा कि लगातार दस बार राज्य का नेतृत्व करना अत्यंत दुर्लभ और ऐतिहासिक उपलब्धि है, जो पूरे राष्ट्र को गौरवान्वित करती है।
पत्र में आगे कहा गया है कि शासन, विकास, सामाजिक कल्याण और प्रशासनिक स्थिरता में नीतीश कुमार का योगदान लगातार प्रेरणा का स्रोत बना हुआ है। संस्था ने घोषणा की है कि इस ऐतिहासिक उपलब्धि के सम्मान में श्री नीतीश कुमार का नाम अपनी प्रतिष्ठित वैश्विक सूची में दर्ज कर उन्हें आधिकारिक प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।
गौरतलब है कि वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन एक वैश्विक संस्था है, जो दुनिया भर के उल्लेखनीय कार्यों, असाधारण रिकॉर्डों और प्रतिष्ठित व्यक्तियों एवं संस्थानों के योगदानों को आधिकारिक रूप से मान्यता प्रदान करती है।

