Ramgarh News:- रामगढ़ जिले के भदानीनगर ओपी क्षेत्र के चेनगड्डा गांव के पास शनिवार को एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल, रामगढ़ भेज दिया गया है। ओपी प्रभारी अख्तर अली ने बताया कि शव एक कुट्टी दुकान के पास संदिग्ध अवस्था में मिला। शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या की गई हो सकती है।
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में शुक्रवार देर रात एक ट्रक ड्राइवर और महिला के बीच हाथापाई दिखाई दी है। हालांकि, हत्या की घटना कैमरे में कैद नहीं हुई है। पुलिस को ट्रक का नंबर मिल गया है और उसके आधार पर वाहन मालिक व चालक की पहचान की जा रही है।
कुट्टी दुकान के मालिक सुरेंद्र कुशवाहा ने बताया कि उनके मजदूरों ने सबसे पहले शव देखा। सूचना पर पुलिस को बुलाया गया और सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराई गई। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो पाई है।
पुलिस ने महिला की तस्वीर आसपास के थाना क्षेत्रों और गांवों में शिनाख्त के लिए भेज दी है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। मामले की जांच गंभीर अपराध (ह्यूमन ट्रैफिकिंग या हत्या) की दिशा में भी की जा रही है।

