Patna News: बिहार की राजधानी पटना के आलमगंज थाना क्षेत्र से ईद के मौके पर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को शोक और दहशत में डाल दिया है। पीरबैस मार्केट के पास किराए के मकान में रहने वाले मोहम्मद सोनू ने अपनी 24 वर्षीय पत्नी जेबा परवीन की चाकू मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि शनिवार शाम दोनों के बीच किसी घरेलू मुद्दे को लेकर विवाद हुआ था, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया।
गुस्से में आकर सोनू ने अपनी पत्नी पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। उसने जेबा के पेट, गर्दन और हाथ पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के समय उनका 4 साल का मासूम बेटा भी घर में मौजूद था, जिसने अपनी मां को तड़पते हुए देखा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद डरे-सहमे बच्चे ने पास में रहने वाली अपनी मौसी को पूरी बात बताई। सूचना मिलते ही परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में जेबा को नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (NMCH) ले जाया गया। हालांकि इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार, दोनों की शादी करीब चार साल पहले हुई थी और उनके बीच अक्सर छोटे-छोटे विवाद होते रहते थे। लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि मामला इतना गंभीर हो जाएगा। त्योहार के दिन हुई इस घटना ने पूरे मोहल्ले को झकझोर कर रख दिया है।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। आलमगंज थाना पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


