Monday, 20 May 2024 || 21:10

Sahibganj:  उत्तर प्रदेश की चर्चित ज्योति मौर्या के बाद अब  साहिबगंज जिले में भी एक एएनएम के द्वारा अपने पति को छोड़ने का मामला में सामने आयी है। कर्ज लेकर पत्नी को पढ़ाने और उसे एएनएम बनाने वाले बोरियो प्रखंड के रहनेवाले  कन्हाई पंडित ने पत्नी और बेटे की बरामदगी के लिए कोर्ट व पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।

एसडीपीओ कार्यालय पहुंचे कन्हाई पंडित ने शुक्रवार को कहा कि 2009 में तेलो बाथन टोला गांव निवासी राजकिशोर पंडित की पुत्री कल्पना कुमारी से उसका विवाह हुआ था। शादी के बाद उसका एक 10 वर्ष का पुत्र है। पढ़े-लिखे ज्यादा नहीं होने के कारण वह मेहनत मजदूरी और ट्रैक्टर चला कर रोजी-रोटी कमा रहा था। परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं होने के कारण मैट्रिक पास पत्नी कल्पना ने पढ़ाई करवाने की बात कही। उसने पत्नी कल्पना को बोरियो कॉलेज से इंटर की पढ़ाई पूरी करवाई और फिर कर्ज लेकर जमशेदपुर से एएनएम का प्रशिक्षण भी दिलवाया।

पति कन्हाई पंडित ने कहा कि काफी कर्ज हो जाने के कारण पत्नी के कहने पर ही 2019 में वह कमाने के लिए गुजरात चला गया। इस बीच पत्नी कल्पना भी एएनएम की ट्रेनिंग पूरी कर जमशेदपुर से लौट आई थी। कोरोना काल के बाद कल्पना ने 2022 के शुरुआती महीनों में साहिबगंज के झूमावती अस्पताल में एएनएम की नौकरी कर ली। इस दौरान गुजरात में हुई कमाई से उसने कर्ज खत्म कर दिया था। इस साल मार्च महीने में होली के पहले जब वह बांझी स्थित घर लौटा तो पत्नी के बदले व्यवहार से वह हैरान रह गया। पूछने पर पत्नी ने कहा कि अब वह उसके साथ नहीं रहना चाहती है।

कन्हाई पंडित ने कहा कि वह पत्नी को लेकर ससुराल गया और सास-ससुर को इस बात की जानकारी दी। वहां से समझा-बुझाकर पत्नी को वापस लाया था। इस बीच 14 अप्रैल को पत्नी मायके जाने की बात कह घर से निकली और बेटा सहित लापता हो गई। उसने काफी खोजबीन की लेकिन कुछ पता नहीं चला। उसके मुताबिक उसकी पत्नी कल्पना उसे धोखा देकर किसी दूसरे प्रेमी के साथ रह रही है। इसकी जानकारी उसके ससुराल वालों को भी है लेकिन वे लोग कुछ भी बताने से इंकार कर रहे हैं।

कन्हाई पंडित ने आखिर में परेशान होकर न्यायालय की शरण ली और परिवाद दायर किया है। साहिबगंज एसडीपीओ राजेंद्र दुबे ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version