Bhagalpur News:- भागलपुर जिले के पीरपैंती रेलवे स्टेशन के पास रविवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब मालगोदाम की ओर जा रही गिट्टी लदी मालगाड़ी की एक बॉगी का दो पहिया अचानक पटरी से उतर गया। स्टेशन से केवल 50 मीटर की दूरी पर हुई इस घटना ने यात्रियों और रेलवे प्रशासन को कुछ देर के लिए अलर्ट मोड पर ला दिया।
घटना के तुरंत बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहां मौजूद यात्रियों और स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना स्टेशन अधिकारियों को दी। जानकारी मिलते ही रेलवे की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और राहत व मरम्मत कार्य शुरू कर दिया। बताया गया कि यह मालगाड़ी मिर्जाचौकी से होते हुए कहलगांव की दिशा में जा रही थी। जैसे ही ट्रेन ओवरब्रिज के पास पहुंची, एक बॉगी का पहिया ट्रैक से नीचे उतर गया, जिससे अचानक झटका महसूस हुआ और ट्रेन रुक गई।
दुर्घटना के कारण रेल संचालन कुछ देर तक प्रभावित रहा। तकनीकी टीम ने ट्रैक की स्थिति की जांच की और करीब दो घंटे की लगातार मेहनत के बाद बोगी के पहिये को दोबारा पटरी पर चढ़ाने में सफलता हासिल की। इसके बाद ट्रैक को सुरक्षित घोषित किया गया और रेल यातायात को धीरे-धीरे सामान्य कर दिया गया।
हादसे के कारणों को लेकर रेलवे अधिकारी अभी कुछ भी स्पष्ट कहने से बच रहे हैं। घटना की सूचना मालदा मुख्यालय को भेज दी गई है और प्राथमिक जांच शुरू कर दी गई है।
इधर स्टेशन प्रबंधक अजय कुमार से कई बार फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया और न ही किसी प्रकार की प्रतिक्रिया दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रैक की नियमित जांच और रखरखाव में कमी ऐसी घटनाओं की वजह बन सकती है। हालांकि रेलवे ने कहा है कि तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

