Dhanbad News:- धनबाद पुलिस ने पश्चिम बंगाल आरक्षी भर्ती परीक्षा में फर्जीवाड़ा कराने वाले एक संगठित गिरोह को धर दबोचते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में कुल 22 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें विद्यार्थियों से लेकर रैकेट से जुड़े लोग और स्थानीय सहयोगी तक शामिल हैं।
घटना तिसरा थाना क्षेत्र में एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान सामने आई, जब पुलिस ने संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन को रोका। जांच में पता चला कि वाहन में बैठा गिरोह झरिया के बंधन लॉज में छात्रों को परीक्षा में नकल कराने और प्रश्नपत्र उपलब्ध करवाने की तैयारी में जुटा था। जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और लॉज में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने कुल 22 लोगों को हिरासत में लिया। इनमें 14 विद्यार्थी शामिल हैं, जो सभी पश्चिम बंगाल के रहने वाले बताए गए हैं। इसके अलावा गिरोह का एक सक्रिय सदस्य, वाहन चालक, पांच टेंट हाउस कर्मचारी और एक होटल संचालक को भी पकड़ा गया है। पुलिस के अनुसार, स्थानीय आरोपित मुख्य रूप से टेंट हाउस और होटल व्यवसाय से जुड़े हैं जो इस नेटवर्क को सहयोग दे रहे थे।
छापेमारी में पुलिस ने भारी मात्रा में संदिग्ध सामान भी बरामद किया। इनमें 272 एडमिट कार्ड, 70 मोबाइल फोन, कई पहचान पत्र, एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक, नोटबुक, ब्लूटूथ डिवाइस, मोबाइल चार्जर, लगभग 40 कलाई घड़ियां, 10 सोने की चेन और कई अन्य दस्तावेज शामिल हैं। बरामद सामान से संकेत मिलता है कि यह गिरोह बड़े पैमाने पर नकल कराने की योजना बना रहा था।
पुलिस ने सभी आरोपितों से पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई तेजी से जारी है। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों और संभावित लिंक का भी पता लगाया जा रहा है, ताकि पूरे रैकेट को नेस्तनाबूद किया जा सके।

