East Champaran:- धानसभा क्षेत्र में बुधवार को मतदान के दूसरे दिन बड़ा विवाद खड़ा हो गया। राजकीय मध्य विद्यालय निमुइ (दक्षिणी भाग) स्थित मतदान केंद्र संख्या 219 के स्कूल परिसर में वीवीपैट की पर्ची पड़ी मिलने से हड़कंप मच गया।
जैसे ही ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली, वे मौके पर जुट गए और मतदान प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाने लगे। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सूचना पाते ही प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।
अधिकारियों ने तुरंत जांच शुरू की और वीवीपैट पर्ची को जब्त कर लिया। सदर एसडीओ श्वेता भारती ने बताया कि यह संभवतः मॉक पोल की पर्ची हो सकती है, जो गलती से पीठासीन पदाधिकारी के बैग से गिर गई हो या वहीं छूट गई हो। उन्होंने कहा कि सभी पर्चियों की गिनती कर ली गई है, जिनकी संख्या 172 पाई गई। सभी प्रत्याशियों की मौजूदगी में पर्चियों की गिनती की गई और अब उन्हें मोतिहारी मुख्यालय भेजा जा रहा है, जहां आगे जांच होगी।
इस बीच, घटना को लेकर स्थानीय मतदाताओं में गहरा आक्रोश देखा गया। मौके पर पहुंचे प्रत्याशी अजय झा, जुल्फेकार आफताब और श्यामकिशोर चौधरी ने विरोध जताते हुए कहा कि संबंधित बूथ पर मतदान स्थगित किया जाए और पुनर्मतदान कराया जाए। –
प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जांच पूरी पारदर्शिता से की जाएगी और अगर किसी भी स्तर पर लापरवाही या गड़बड़ी पाई जाती है तो संबंधित कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

