East Champaran News:- पूर्वी चंपारण जिले के दरपा थाना क्षेत्र के तिनकोनी गांव में शुक्रवार सुबह विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के नेता कामेश्वर सहनी (45) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया है।
घटना सुबह तब हुई जब कामेश्वर सहनी नित्यक्रिया से लौटकर चापाकल पर हाथ-मुंह धो रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तभी अज्ञात अपराधी पीछे से आए और उन पर लगातार फायरिंग झोंक दी। पहले तीन गोलियां मारी गईं और जमीन पर गिरने के बाद कनपटी में एक और गोली दागी गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात की सूचना मिलने पर दरपा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन गुस्साए ग्रामीणों ने शव उठाने से रोक दिया और अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए विरोध जताया। पुलिस द्वारा समझाने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
कामेश्वर सहनी अपने पीछे तीन पुत्रों को छोड़ गए हैं। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है। ग्रामीणों ने कहा कि अपराधी आसानी से वारदात करके फरार हो गए, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा होता है।
घटना की जानकारी मिलते ही नवनिर्वाचित नरकटिया विधायक विशाल शाह ने प्रदेश सरकार से निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं, पूर्व मंत्री और आरजेडी के पूर्व विधायक डॉ. शमीम अहमद ने कहा कि अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है और सरकार अपराध रोकने में नाकाम साबित हो रही है।
दरपा थानाध्यक्ष अनीश कुमार ने बताया कि घटना की जांच तेजी से की जा रही है। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी जांच में लगाया गया है। जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार करने का दावा भी किया गया है।
वीआईपी जिलाध्यक्ष अशोक सहनी ने बताया कि कामेश्वर सहनी पहले छौड़ादानो के प्रखंड अध्यक्ष थे और हाल ही में उन्हें रक्सौल जिला संगठन का प्रभारी बनाया गया था। उन्होंने इसे पार्टी के लिए बड़ी क्षति बताते हुए अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।

