Gaya news : जिले के कोठी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक बड़ी घटना सामने आई जब पुलिस गश्ती वाहन की टक्कर से बाइक सवार ग्रामीण की मौत हो गई। मृतक की पहचान मेघास्थान गांव निवासी देवबली उर्फ बाबू चौधरी (40 वर्ष) के रूप में हुई है। हादसे के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया।
जानकारी के अनुसार, कोठी थाना की पुलिस टीम शराब तस्करी की आशंका में एक संदिग्ध का पीछा कर रही थी। इसी दौरान ईंट भट्ठे के पास खड़े देवबली को देखकर पुलिस को शक हुआ कि वह भी किसी तस्करी से जुड़ा है। जैसे ही पुलिस उसके पास पहुंची, वह बाइक लेकर भागने लगा। इसी दौरान असंतुलित होकर वह गिर पड़ा और पीछे से आ रही पुलिस गाड़ी ने उसे कुचल दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। सैकड़ों की संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए और उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस गाड़ी तेज रफ्तार में थी और हादसे के बाद बिना रुके भाग गई। गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस की गश्ती गाड़ी में आग लगा दी और पुलिसकर्मियों पर पथराव किया, जिससे दो जवान घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया है।
स्थिति को बिगड़ते देख प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी। इमामगंज एसडीपीओ अमित कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
इस खबर को भी पढ़ें : बिहार के धौरी प्रवेश द्वार पर श्रावणी मेला का हुआ उद्घाटन, सुलतानगंज से बाबा धाम तक श्रद्धा, आस्था और सुविधा का अद्वितीय संगम

