Katihar News:- बिहार के पूर्णिया जिले में शुक्रवार सुबह बड़ा ट्रेन हादसा हो गया। कटिहार-जोगबनी रेलखंड के जवनपुर गुमटी के समीप दशहरा मेला देखकर लौट रहे छह युवक वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। हादसे में चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो की हालत गंभीर बनी हुई है।
सभी मृतक और घायल युवक पूर्णिया जिले के बनमनखी प्रखंड के चांदपुर भंगहा गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हादसे में मृतक युवकों की पहचान जिगर कुमार (14 वर्ष), सिंटू कुमार (13 वर्ष), कुलदीप कुमार (14 वर्ष) और सुंदर कुमार (14 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं, दो घायल युवकों का इलाज पूर्णिया जीएमसीएच में चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी स्थिति नाजुक है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रेन की रफ्तार इतनी तेज थी कि युवकों को संभलने या बचने का कोई मौका नहीं मिला। घटना स्थल से पुलिस ने एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। कसबा थाना पुलिस और आरपीएफ ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को सूचना दे दी है।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख
हादसे पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों को धैर्य रखने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की और घायल युवकों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
इस दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। दशहरा की खुशियां गम में बदल गईं।

