Jharkhand News: रांची। भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी को झारखंड सरकार की ओर से बड़ा सम्मान मिलने जा रहा है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने घोषणा की है कि युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को झारखंड स्वास्थ्य विभाग का ब्रांड एंबेसडर बनाया जाएगा। इसके साथ ही उन्हें विशेष रूप से सम्मानित भी किया जाएगा।
शनिवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी ने बेहद कम उम्र में अपनी प्रतिभा, मेहनत और शानदार बल्लेबाजी से पूरे देश का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है। उनकी उपलब्धियां न केवल झारखंड बल्कि पूरे देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
मंत्री ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग वैभव सूर्यवंशी के साथ मिलकर राज्यभर में स्वास्थ्य, फिटनेस, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाएगा। उनका मानना है कि वैभव युवाओं के बीच एक आदर्श व्यक्तित्व के रूप में उभरे हैं और उनकी लोकप्रियता का लाभ स्वास्थ्य संबंधी संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने में मिलेगा।
डॉ. अंसारी ने कहा कि खेल और स्वास्थ्य का आपस में गहरा संबंध है। वैभव की मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि वैभव भविष्य में भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग के अभियानों को भी मजबूती प्रदान करेंगे।
स्वास्थ्य मंत्री ने वैभव की हालिया क्रिकेट उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि भले ही उनकी टीम मुकाबला जीतने में सफल नहीं रही, लेकिन वैभव ने अपने प्रदर्शन से करोड़ों भारतीयों का दिल जीत लिया। उनकी बल्लेबाजी और आत्मविश्वास ने उन्हें देश के सबसे चर्चित युवा खिलाड़ियों में शामिल कर दिया है।
उन्होंने कहा कि वैभव सूर्यवंशी का स्वास्थ्य विभाग का ब्रांड एंबेसडर बनना झारखंडवासियों के लिए गर्व की बात होगी। सरकार को उम्मीद है कि उनके जुड़ने से युवाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और फिट इंडिया की सोच को भी मजबूती मिलेगी। झारखंड सरकार का यह कदम खेल और स्वास्थ्य के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।


