New Delhi:-;टीम इंडिया के उभरते सितारे और IPL में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सुर्खियों में रहने वाले खिलाड़ी रिंकू सिंह को अंडरवर्ल्ड से धमकी मिलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच की जांच में खुलासा हुआ है कि यह धमकी दाऊद इब्राहिम के डी-कंपनी गैंग से दी गई थी।
सूत्रों के अनुसार, इस साल फरवरी से अप्रैल 2025 के बीच रिंकू सिंह की प्रमोशनल टीम को तीन धमकी भरे संदेश भेजे गए थे। इन संदेशों में गैंग ने रिंकू सिंह से 5 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की थी। धमकी भरे मैसेज में साफ तौर पर कहा गया था कि अगर पैसे नहीं दिए गए, तो खिलाड़ी और उसके परिजनों को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
जैसे ही यह मामला सामने आया, मुंबई पुलिस ने क्राइम इंटेलिजेंस यूनिट (CIU) और एंटी एक्सटॉर्शन सेल को जांच में लगाया। तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जो धमकी संदेश भेजने और रकम वसूलने की साजिश में शामिल थे। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इन दोनों का सीधा संबंध डी-कंपनी के गुर्गों से है, जो विदेश में बैठे सरगनाओं के इशारे पर काम कर रहे थे।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए रिंकू सिंह की सुरक्षा बढ़ा दी गई है, और उन्हें Y कैटेगरी सुरक्षा देने पर विचार किया जा रहा है। रिंकू सिंह के प्रमोशनल इवेंट्स और यात्राओं पर अब पुलिस की पैनी नजर रखी जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, यह मामला सिर्फ धमकी या वसूली तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्पोर्ट्स से जुड़े सेलेब्रिटीज को टारगेट करने की नई रणनीति का हिस्सा हो सकता है। जांच एजेंसियां इस मामले को दाऊद गैंग की नई सक्रियता के संकेत के रूप में देख रही हैं।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और जल्द ही इस गैंग के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार किया जा सकता है।

