Jamshedpur News:- झारखंड के जमशेदपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। पटमदा थाना क्षेत्र के पोकलाबेड़ा गांव के पास बुधवार सुबह एक प्रेमी युगल के शव पेड़ से लटकते हुए मिले। दोनों ने कथित रूप से खुदकुशी कर ली, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतकों की पहचान पोकलाबेड़ा निवासी जामिनी सिंह (25) और गाड़ीग्राम की रहने वाली एक विवाहित महिला के रूप में हुई है, जो तीन महीने पहले अपने पति और तीन वर्षीय बेटी को छोड़कर घर से चली गई थी। दोनों एक-दूसरे के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में थे और जमशेदपुर में दिहाड़ी मजदूरी कर अपना जीवन यापन कर रहे थे।
स्थानीय लोगों और पुलिस सूत्रों के अनुसार, युवक पूर्व में छेड़खानी के एक मामले में जेल जा चुका था और हाल ही में रिहा हुआ था। रिहाई के बाद ही उसकी मुलाकात महिला से हुई और दोनों ने साथ रहने का निर्णय लिया। लेकिन युवक के परिजनों ने महिला को अपनाने से इंकार कर दिया। परिजनों की नाराजगी और समाज के तानों से मानसिक रूप से परेशान होकर दोनों ने यह चरम कदम उठाया।
दोनों के शव एक नीम के पेड़ पर अलग-अलग दुपट्टों से लटके मिले। शवों से दुर्गंध आने के कारण आशंका है कि मौत दो दिन पहले ही हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पटमदा थाना प्रभारी करमपाल भगत मौके पर पहुंचे और शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर अन्य संभावित कारणों की भी जांच शुरू कर दी है। गांव में इस घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं।

