Ramgarh News:- रांची–पटना राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर स्थित चुट्टूपालू घाटी एक बार फिर भयावह सड़क हादसे की गवाह बनी। रविवार सुबह यहां एक अनियंत्रित हाईवा ट्रक ने बाइक सवार को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवा चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान उसने आगे जा रही एक क्रेटा कार को भी टक्कर मार दी।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान सोसो सिंदवार गांव निवासी बारकेश्वर महतो (40 वर्ष), पिता धनेश्वर महतो के रूप में हुई है। वह सुबह अपनी बाइक (संख्या JH 24 A 3202) से रामगढ़ की ओर काम पर जा रहा था। जैसे ही वह सैनी होटल के पास चुट्टूपालू घाटी के नीचे पहुंचा, पीछे से आ रहे हाईवा (संख्या UP 64 BT 6132) ने उसे तेज रफ्तार में टक्कर मार दी और रौंद डाला।
घटना के बाद चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन आगे मौजूद क्रेटा कार (UP 32 QJ 8984) से उसकी टक्कर हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत हाईवा को रोक लिया और चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। मौके पर रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। पिछले चार घंटे से एनएच-33 पर जाम लगा हुआ है, जिससे टोल प्लाजा से लेकर रामगढ़ शहर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं।
सूत्रों के अनुसार, रविवार सुबह सैनी होटल के पास एक अन्य ट्रक (JH 02 W 7572) भी दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, जिससे सड़क पर डस्ट फैल गया था। रांची की ओर से आ रहे हाईवा ने उस डस्ट से बचने के लिए गाड़ी मोड़ी और अनियंत्रित होकर बाइक सवार को टक्कर मार दी।
पुलिस प्रशासन ने जाम हटाने के प्रयास तेज कर दिए हैं और ग्रामीणों से बातचीत जारी है।

