Palamu News:- मेदिनीनगर–पांकी मुख्य सड़क पर पिपरा कोनवाई गांव के पास रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। स्कॉर्पियो और बाइक के बीच हुई सीधी टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि स्कॉर्पियो चालक भी इस दुर्घटना में घायल हुआ है। हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।
मृतकों की पहचान नुरू गांव निवासी 28 वर्षीय भरत साव और 26 वर्षीय ब्यास यादव के रूप में की गई है। दोनों युवकों के शव का पोस्टमार्टम सोमवार को कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही पांकी के भाजपा विधायक कुशवाहा डॉक्टर शशी भूषण मेहता एमएमसीएच अस्पताल पहुंचे और मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने इस हृदयविदारक घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रशासन से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, भरत साव रविवार दोपहर अपने भाई मनीष से मिलने सगालीम पेट्रोल पंप गया था, जहां उसका भाई काम करता है। भाई से मुलाकात के बाद भरत अपने दोस्त ब्यास यादव के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान पिपरा कोनवाई के पास सड़क किनारे बाइक खड़ी कर दोनों खड़े थे, तभी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो के आगे बीएसएनएल का बोर्ड लगा हुआ था।
हादसे के बाद स्कॉर्पियो सवार लोग वाहन से उतरकर मौके से फरार हो गए। सभी स्कॉर्पियो सवार पटना के रहने वाले बताए जा रहे हैं। घटना को देख स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को एम्बुलेंस के माध्यम से एमएमसीएच अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पांकी थाना प्रभारी राकेश रंजन ने बताया कि इस दुर्घटना में कुल तीन लोग घायल हुए थे, जिनमें स्कॉर्पियो चालक भी शामिल है। सभी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया था, लेकिन बाइक सवार दोनों युवकों की जान नहीं बच सकी। स्कॉर्पियो को घटनास्थल से जब्त कर थाना परिसर में रखा गया है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
इधर यह भी जानकारी मिली है कि स्कॉर्पियो चालक निजी अस्पताल में इलाज कराने के बाद फरार हो गया है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

