Nawada News: जिले के सिरदला थाना क्षेत्र में शुक्रवार को खेतों की सिंचाई के लिए पानी देने को लेकर दो गांवों के लोगों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान आहर में डूबे 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। काफी खोजबीन के बाद ग्रामीणों ने पानी से किशोर का शव बाहर निकाला।
मृतक की पहचान बढ़ीबीघा गांव निवासी रामविलास यादव के पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। घटना बढ़ीबीघा और नाद गांव के बीच स्थित आहर की बताई जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार, दलजीत सिंह आहर से आसपास के खेतों में पटवन के लिए पानी दिया जा रहा था। पानी वितरण को लेकर पहले से समय निर्धारित था और उसी व्यवस्था के तहत खेतों तक पानी पहुंचाया जा रहा था।
बताया गया कि शुक्रवार को बढ़ीबीघा गांव के कुछ लोग अपने खेतों में पानी की स्थिति देखने पहुंचे थे। इसी दौरान नाद गांव से भी कई लोग आहर के पास पहुंच गए। आरोप है कि कुछ लोग आहर के पास बने पुल की ईंट हटाने लगे। इसका विरोध करने पर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी।
मारपीट की घटना में बढ़ीबीघा गांव निवासी शिवकुमार यादव, संजय यादव समेत चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सिरदला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। इसी दौरान प्रिंस कुमार के आहर में डूबने की सूचना सामने आई। ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन काफी देर तक कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस और ग्रामीणों की मौजूदगी में जेसीबी की मदद से आहर का पानी काटकर जलस्तर कम करने का प्रयास किया गया। पानी कम होने के बाद ग्रामीणों ने दोबारा तलाश शुरू की और प्रिंस को बाहर निकाला।
आनन-फानन में किशोर को सिरदला पीएचसी ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. अजय चौधरी ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही सिरदला थानाध्यक्ष विनय कुमार चौरसिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए घटनास्थल पर निगरानी बढ़ा दी। वहीं, चलंत फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
मामले की जानकारी मिलने पर रजौली डीएसपी मोहम्मद शाहनवाज अख्तर भी सिरदला पीएचसी पहुंचे और घटना की जानकारी ली। थानाध्यक्ष ने बताया कि पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेजा जा रहा है। पुलिस ने पूछताछ के लिए नाद गांव के दो लोगों को हिरासत में लिया है। पूरे मामले की जांच जारी है।


