हरियाणा के दो तस्कर गिरफ्तार, पंजाब से लाई जा रही थी शराब
शराबबंदी के बावजूद बिहार में बढ़ रही शराब तस्करी – पुलिस अलर्ट
Motihari News: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुगौली थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर बेतिया-मोतिहारी मुख्य मार्ग पर छगरहां गांव के पास छापेमारी करते हुए पुलिस ने एक छह चक्का कंटेनर (UP 93CT 8416) से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है।
बरामद की गई शराब इम्पीरियल ब्लू और मैकडॉवेल ब्रांड की है, जो कुल 478 कार्टन में भरी हुई थी। अधिकारियों के अनुसार, यह लगभग 4200 लीटर शराब है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है। यह शराब पंजाब के भटिंडा से अवैध रूप से बिहार के वैशाली जिले के हाजीपुर ले जाई जा रही थी।
इस छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान हरियाणा के नवीन जाट (25 वर्ष), निवासी – मेंटलपुर, जिला रोहतक, और सुमित (26 वर्ष), जिला भिवानी के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि शराब की यह खेप एक बड़े संगठित गिरोह के निर्देश पर लाई जा रही थी।
सहायक पुलिस अधीक्षक शिवम धाकड़ ने जानकारी देते हुए कहा कि बिहार में लागू शराबबंदी कानून के बावजूद अन्य राज्यों से शराब की तस्करी एक गंभीर चुनौती बनी हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस लगातार सतर्क है और गुप्त सूचनाओं के आधार पर नियमित कार्रवाई की जा रही है।बिहार में शराबबंदी के पालन को सुनिश्चित करने के लिए प्रशासनिक और पुलिस स्तर पर सख्ती लगातार बढ़ाई जा रही है।

