Araia News:- भारत-नेपाल सीमा से सटे नेपाल क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए नेपाल पुलिस की नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) टीम ने 330 किलो गांजा के साथ दो भारतीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्करों की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस को दो राउंड हवाई फायरिंग करनी पड़ी।
गिरफ्तार दोनों तस्कर भारतीय नागरिक हैं। उनकी पहचान अररिया जिले के चंद्रमोहन गांव निवासी 24 वर्षीय अबुल हसन और 30 वर्षीय सोहेल खान के रूप में हुई है। दोनों को नेपाल पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
नेपाल के मोरंग जिले के पुलिस अधीक्षक कवित कटवाल ने रविवार को मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि जहदा गांवपालिका क्षेत्र से भारत की ओर गांजा की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने भारत-नेपाल सीमा के डुमरिया के पास, बॉर्डर से करीब 200 मीटर भीतर नेपाल परिक्षेत्र में घेराबंदी कर कार्रवाई की।
एसपी कवित कटवाल के अनुसार, पुलिस को देखते ही दोनों तस्कर अपने सिर पर रखे गांजा से भरे थैले फेंककर भागने लगे। उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने पिस्तौल से दो राउंड हवाई फायरिंग की, जिसके बाद दोनों को काबू में कर लिया गया। मौके से कुल 330 किलो गांजा बरामद किया गया।
फिलहाल नेपाल पुलिस की नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो टीम दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं तथा गांजा भारत में कहां सप्लाई किया जाना था

