Bhagalpur News:- भागलपुर जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मिरहट्टी पंचायत के नवटोलिया गांव के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। फोरलेन पर तेज रफ्तार हाईवा ने एक मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मोटरसाइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक की पहचान शाहकुण्ड प्रखंड के कसबा खैरी निवासी लालमुनी यादव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, लालमुनी यादव अपने साथियों लक्ष्मण यादव और निर्मल यादव के साथ मोटरसाइकिल से गंगा स्नान के लिए अजगैबिनाथ धाम जा रहे थे। जैसे ही वे नवटोलिया फोरलेन मोड़ के पास पहुंचे, सामने से आ रहे तेज रफ्तार हाईवा ने उनकी मोटरसाइकिल को सीधी टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि लालमुनी यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं लक्ष्मण यादव और निर्मल यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल रेफरल अस्पताल सुल्तानगंज लाया गया। वहां चिकित्सकों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।
उधर हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोग रो-रोकर बेहाल हैं। गांव में भी मातमी सन्नाटा पसर गया है। मृतक लालमुनी यादव अपने परिवार के अभिभावक माने जाते थे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेज दिया है। साथ ही हाईवा वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हाईवा काफी तेज गति से आ रहा था और चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे यह हादसा हुआ।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से फोरलेन पर भारी वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण लगाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हो पा रही है।
