Palamu News: जिले के मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अफीम तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से कुल 1.263 किलोग्राम अवैध अफीम और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस कार्रवाई से इलाके में सक्रिय अफीम तस्करी के नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है।
पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि डालटनगंज रेलवे स्टेशन के आसपास कुछ लोग नशीले पदार्थों की बिक्री कर रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए सदर डीएसपी राजीव रंजन के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार, टीओपी-2 प्रभारी राकेश कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रेलवे स्टेशन के समीप गांधी मैदान के पास सड़क किनारे स्थित यात्री शेड पर छापेमारी की। इस दौरान वहां मौजूद दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर एक आरोपी मुकेश कुमार रजक के पास से 470 ग्राम अफीम और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ, जबकि दूसरे आरोपी सत्यदेव यादव के पास से 793 ग्राम अफीम और एक मोबाइल जब्त किया गया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों की पहचान चतरा जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र के रिमी रामपुर गांव निवासी के रूप में हुई। पुलिस ने मौके पर ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया और मेदिनीनगर शहर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी सत्यदेव यादव का आपराधिक इतिहास रहा है। वह एक वर्ष पूर्व पंजाब के जालंधर जिले के आदमपुर थाना क्षेत्र में एनडीपीएस से जुड़े मामले में जेल जा चुका है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में कार्रवाई जारी है।


