Nalanda News:- नालंदा जिले के हिलसा अनुमंडल के चिकसौरा बाजार से पुलिस ने मंगलवार की सुबह छापेमारी कर एक मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा किया। इस कार्रवाई में दो संचालकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मौके से कई हथियार, उपकरण और सामग्री जब्त की है। अधिकारियों का कहना है कि इस अवैध फैक्ट्री से लगातार हथियार तैयार कर बेचे जा रहे थे, जिससे जिले में आपराधिक घटनाओं की आशंका बनी हुई थी।
हिलसा की डीएसपी शैलजा कुमारी ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि चिकसौरा बाजार में अवैध हथियार निर्माण की फैक्ट्री संचालित है। सूचना की पुष्टि के बाद डीएसपी के नेतृत्व में हिलसा थाना सहित अन्य थानों की टीम गठित की गई। मंगलवार की अहले सुबह छापेमारी की गई, जिसमें हथियार निर्माण में उपयोग होने वाले उपकरण, अधबने और तैयार हथियार बरामद किए गए
पुलिस ने मौके से चिकसौरा गांव निवासी विजय कुमार और प्रदीप कुमार को गिरफ्तार किया। दोनों पर शस्त्र अधिनियम की धारा 27 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस इनके आपराधिक नेटवर्क और सप्लाई चेन की जानकारी जुटाने में लगी है।
डीएसपी ने कहा कि जिले में अवैध हथियार निर्माण और सप्लाई पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह फैक्ट्री पिछले कई महीनों से सक्रिय थी और तैयार हथियार अपराधियों तक पहुँचाए जा रहे थे। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हथियार किन क्षेत्रों में सप्लाई किए जाते थे और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
जिला पुलिस प्रशासन ने साफ कहा है कि नालंदा में किसी भी तरह का अवैध हथियार कारोबार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

