Katihar News:- कटिहार रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने बुधवार को दो अहम कार्रवाइयों को अंजाम देते हुए गांजा तस्करी और मोबाइल चोरी के मामलों का खुलासा किया है। पहली कार्रवाई डिब्रूगढ़ से नई दिल्ली जा रही 20505 राजधानी एक्सप्रेस में हुई, जहां गुप्त सूचना के आधार पर बी-9 कोच की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान सीट संख्या 33 के नीचे से लावारिस हालत में करीब 51 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत लगभग पांच लाख रुपये बताई जा रही है।
गांजा कई छोटे-बड़े पैकेटों में पैक कर छुपाकर रखा गया था। RPF ने गांजा को जब्त कर संबंधित मामला आगे की जांच के लिए रेल पुलिस को सौंप दिया है। हालांकि, अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, और रेल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
दूसरी ओर, कटिहार रेलवे स्टेशन पर RPF ने सघन चेकिंग अभियान के दौरान एक मोबाइल चोर को रंगे हाथ पकड़ने में सफलता पाई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद अफजल के रूप में हुई है, जो बिहार के किशनगंज जिले का निवासी है। अफजल कटिहार स्टेशन पर यात्रियों के मोबाइल और लैपटॉप चोरी करने के उद्देश्य से आता था। वह इससे पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।
इस कार्रवाई का नेतृत्व RPF ईस्ट पोस्ट के इंस्पेक्टर राकेश कुमार कर रहे थे, जिनके साथ सब-इंस्पेक्टर अनुज कुमार, नवीन कुमार और रजीत कुमार समेत कई जवान शामिल थे। मोबाइल चोर को बाद में रेल पुलिस के हवाले कर दिया गया, जहां से उसे रेलवे न्यायालय में पेश किया गया। मजिस्ट्रेट विकास कुमार के आदेश पर आरोपी को जेल भेज दिया गया।

