Nawada NEws:+ बिहार के नवादा जिले से एक हृदयविदारक खबर सामने आई है। कौआकोल प्रखंड अंतर्गत रूपौ थाना क्षेत्र के नावाडीह पंचायत के नीमडीह आहर में मंगलवार को नहाने के दौरान दो मासूम बच्चों की डूबकर मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है।
हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों की पहचान नावाडीह गांव निवासी आफताब अंसारी के 10 वर्षीय पुत्र रहमत अली उर्फ रहमत रजा और हबीब खान उर्फ हबू अंसारी के 11 वर्षीय पुत्र कैयान अंसारी उर्फ दुलारू के रूप में की गई है। दोनों बच्चे गांव के ही विद्यालय में पढ़ते थे
जानकारी के अनुसार मंगलवार को पढ़ाई के बाद दोनों मासूम गांव स्थित नीमडीह आहर में नहाने चले गए। नहाने के दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास के लोगों ने शोर सुनकर बचाने की कोशिश की, लेकिन देर होने के कारण दोनों की मौत हो गई।
ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों के शव को आहर से बाहर निकाला। शव बाहर आते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में मातम छा गया और हर कोई इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध है।
सूचना मिलते ही कौआकोल सीओ मनीष कुमार के निर्देश पर रूपौ थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

