Katihar News:- बिहार के कटिहार जिले में विजयादशमी के दिन बड़ा हादसा हो गया। कुरसेला थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगा-कोसी संगम तट पर गुरुवार को मछली पकड़ने गई एक नाव अचानक तेज हवा और ऊँची लहरों की चपेट में आकर नदी में पलट गई। नाव पर पाँच मछुआरे सवार थे, जिनमें से तीन को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन दो मछुआरे अब भी लापता हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सुबह पाँचों मछुआरे डेंगी नाव लेकर मछली पकड़ने नदी की ओर गए थे। इसी दौरान मौसम अचानक बदल गया और गंगा-कोसी संगम पर तेज हवा के साथ ऊँची-ऊँची लहरें उठने लगीं। तेज दबाव के कारण नाव असंतुलित होकर गहरे पानी में पलट गई।
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद मछुआरों और ग्रामीणों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया और एक बड़ी नाव की मदद से तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि दो मछुआरों का अब तक कोई पता नहीं चल सका है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। नदी किनारे बड़ी संख्या में लोग जुट गए हैं और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने बताया कि बचाव दल और गोताखोरों की मदद से दोनों लापता मछुआरों की तलाश जारी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में हर साल बारिश और बाढ़ के मौसम में नदी का जलस्तर खतरनाक रूप से बढ़ जाता है और कई बार नाव हादसे भी हो चुके हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से सुरक्षित नाव संचालन की व्यवस्था करने और मौसम की खराबी के दौरान नाव पर रोक लगाने की मांग की है।
फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी पार करते समय या मछली पकड़ने के दौरान सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें और तेज हवाओं या ऊँची लहरों में नाव चलाने से बचें।

