Patna News:- औरंगाबाद के दाउदनगर थाना क्षेत्र के सोन नदी के काली स्थान घाट पर सोमवार को दो किशोरों की डूबने से मौत हो गई। दोनों किशोर अपनी चचेरी दादी के दाह संस्कार में शामिल होने घाट पर पहुंचे थे। अंतिम संस्कार के बाद सभी लोग स्नान करने लगे। इसी दौरान रवि कुमार और पवन कुमार नदी के गहरे पानी में चले गए। दोनों को डूबता देख घाट पर चीख-पुकार मच गई।
मौके पर मौजूद लोगों ने बचाने की कोशिश की। जितेंद्र राम और शंकर कुमार ने नदी में छलांग लगाई। दोनों भी डूबने लगे। तभी विनय पासवान ने साहस दिखाया। नदी में कूदकर जितेंद्र और शंकर को बाहर निकाल लिया। लेकिन रवि और पवन को नहीं बचाया जा सका।
सूचना मिलते ही दाउदनगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से रात में दोनों शव बरामद किए गए। मृतकों की पहचान वार्ड संख्या 7, नालबंद टोली निवासी जीतवहन राम के 16 वर्षीय पुत्र रवि कुमार और सत्येंद्र राम के 17 वर्षीय पुत्र पवन कुमार के रूप में हुई है।
वार्ड सदस्य राजू राम ने बताया कि जंगी राम की 80 वर्षीय पत्नी राजकुमारी देवी का निधन हो गया था। उनका दाह संस्कार काली स्थान घाट पर किया गया। उसी दौरान यह हादसा हुआ। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आगे की कार्रवाई जारी है।

