गिरिडीह।

पानी से भरे गड्डे में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। घटना बिरनी थाना क्षेत्र के पडरमनिया गांव में बुधवार दोपहर की है। मारे गए दोनों बच्चें मौसेरे भाई है। मृतकों की शिनाख्त मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के खेरनियां गांव निवासी हारो मंडल के 13 वर्षीय पुत्र राजकुमार मंडल व पडरमनिंया गांव निवासी झरी मंडल के 9 वर्षीय पुत्र पीयूष कुमार के रुप में की गई है।
घटना की सूचना मिलने पर बिरनी थाना प्रभारी शर्मानंद सिंह पुलिस जवानों के साथ घटनास्थल पहुंच मृत बच्चों के शवों को गड्डे से बाहर निकलवाया।
जानकारी के अनुसार मृतक राजकुमार मंडल अपने मौसा घर पडरमनियां गांव गया था। बुधवार दोपहर करीब तीन बजे वह अपने भाई पीयूष मंडल के साथ गांव में घुमने निकला था। इस क्रम में दोनों ईट भट्ठा की तरफ चले गए। जहां ईट भट्ठा बनाने के लिए बड़ा सा गड्डा खोदा गया था, उसमें लबालब पानी भरा हुआ था। दोनों बच्चों के पांव फिसल गए, जिससे दोनों गड्डे में जा गिरे। दोनों को गड्ढे में गिरते देख तीसरे बच्चे ने शोर मचाकर ग्रामीणों को वहां बुलाया। जिसके बाद ग्रामीणों की मदद से बच्चों के शव को गड्डे से बाहर निकाला गया। लेकिन तबतक दोनों की मौत हो चुकी थी।