Latehar News:- लातेहार जिले के टोरी–शिवपुर रेलवे लाइन पर स्थित बालूमाथ रेलवे स्टेशन के समीप सोमवार को एक मालगाड़ी की दो बोगियां बेपटरी हो गईं। यह घटना रेलवे कोयला साइडिंग के पास हुई, जिससे बालूमाथ स्टेशन के निकट चार नंबर पटरी से मालगाड़ियों का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। हालांकि, मालगाड़ी की गति धीमी होने के कारण किसी प्रकार की जान-माल की क्षति नहीं हुई।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे की राहत टीम मौके पर पहुंच गई और बेपटरी हुई बोगियों को पुनः पटरी पर लाने का कार्य शुरू कर दिया गया। रेल मंडल के टीआई संजय कुमार ने बताया कि बरवाडीह जंक्शन से तकनीकी टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है, जो मरम्मत और बहाली कार्य में जुटी हुई है।
बेपटरी की सूचना के बाद रेलवे विभाग के आईटी, पीडब्ल्यूआई, ओएचई विभाग के अधिकारी, कई रेलवे स्टेशन मास्टर और अन्य वरीय पदाधिकारी भी बालूमाथ स्थित रेलवे कोयला साइडिंग पहुंचे और घटना के कारणों की जांच में जुट गए हैं।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस रूट पर केवल मालगाड़ियों का ही परिचालन होता है, यात्री ट्रेनों का संचालन नहीं किया जाता है। इसी कारण इस घटना से यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई है।
फिलहाल, राहत और बहाली कार्य तेजी से जारी है और रेलवे प्रशासन जल्द से जल्द ट्रैक को सामान्य करने के प्रयास में जुटा हुआ है।


