Bhagalpur News: भागलपुर में एक हैरान करने वाला ठगी का मामला सामने आया है, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के फर्जी निजी सचिव (PA) बनकर सांसद अजय मंडल से लाखों रुपये ऐंठने की कोशिश की गई। सांसद की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से यह ठगी का बड़ा गैंग पकड़ा गया।
जानकारी के अनुसार, लगभग एक सप्ताह से सांसद अजय मंडल को मोबाइल नंबर 7285862388 से लगातार फोन किए जा रहे थे। कॉल करने वाला व्यक्ति खुद को अमित शाह का निजी सचिव बताता था और किसी जरूरी काम के बहाने पैसे की मांग कर रहा था। सांसद को कॉल संदिग्ध लगा और उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी रंगरा थाना प्रभारी विश्वबंधु कुमार को दी।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एक रणनीति तैयार की और ठगों को रंगे हाथ पकड़ने के लिए जाल बिछाया। शनिवार शाम करीब 5 बजे जब ठग पैसे लेने के लिए हिमांशु पेट्रोल पंप पहुंचे, तो पुलिस ने मौके पर ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राज कुमार पांडे और रवि पांडे के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों का नेटवर्क काफी बड़ा है और शुरुआती पूछताछ में संकेत मिले हैं कि यह गैंग कई राज्यों में सक्रिय है। पुलिस ने दोनों के मोबाइल फोन, कॉल रिकॉर्ड, बैंक लेनदेन और अन्य डिजिटल प्रमाणों की जांच शुरू कर दी है। यह भी आशंका है कि गैंग ने पहले भी कई नेताओं और प्रभावशाली लोगों को निशाना बनाया हो।
सांसद अजय मंडल ने थानाध्यक्ष को लिखित शिकायत दी है और आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। इस घटना के बाद स्थानीय क्षेत्र में यह चर्चा है कि यदि सांसद समय रहते पुलिस को सूचना न देते तो ठग किसी अन्य व्यक्ति को भी अपना शिकार बना सकते थे। स्थानीय लोगों ने पुलिस की तेजी और सांसद की सूझबूझ की सराहना की है, जिससे एक बड़ा अंतरराज्यीय ठगी गिरोह बेनकाब हुआ।

