Araia News:- जिले के बथनाहा थाना क्षेत्र में सात महीने पहले हुए बंधन बैंक कर्मी लूटकांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में शामिल दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमौना वार्ड संख्या एक निवासी मो. रहमान और विमल दास के रूप में हुई है। दोनों ने पुलिस पूछताछ में अपने अपराध को स्वीकार कर लिया है।
घटना इस वर्ष 3 मार्च की है, जब बथनाहा थाना क्षेत्र के श्यामनगर पक्की सड़क पर बंधन बैंक के एक कर्मी से डेढ़ लाख रुपये नकद, एक टैब और मोरफो मशीन लूट ली गई थी। इस मामले में बथनाहा थाना में कांड संख्या 18/25, दिनांक 3.3.25 के तहत बीएनएस की धारा 309(6) एवं 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था।
फारबिसगंज एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा ने शनिवार को बताया कि मामले के उद्भेदन के लिए बथनाहा थानाध्यक्ष राजवीर कुमार साहू के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। इस टीम ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी अनुसंधान के माध्यम से आरोपियों की पहचान की थी। हालांकि दोनों आरोपी लगातार फरार चल रहे थे और गिरफ्तारी से बचने के लिए नेपाल और अपने रिश्तेदारों के घरों में छिपे हुए थे।
गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने हाल ही में अमौना इलाके में छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर अन्य संदिग्धों की तलाश भी जारी है।
छापेमारी टीम में थानाध्यक्ष राजवीर कुमार साहू के साथ अपर थानाध्यक्ष श्यामली कुमारी, एएसआई मिथिलेश कुमार, बथनाहा थाना सशस्त्र बल और सीएपीएफ के जवान शामिल थे।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है और लूटी गई राशि एवं उपकरणों की बरामदगी के लिए आगे की कार्रवाई जारी है।

