East Champaran News:- रक्सौल स्टेशन से जुड़ी करोड़ों रुपये की चाइनीज ई-सिगरेट तस्करी के बहुचर्चित मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो मुख्य आरोपियों – मदन साह और लक्ष्मण प्रसाद – को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को हरैया थाना पुलिस ने रक्सौल एसडीजीएम कोर्ट द्वारा जारी गैर-जमानती वारंट के आधार पर नाटकीय तरीके से दबोचा।
गौरतलब है कि दिसंबर 2023 में रक्सौल स्टेशन से दिल्ली भेजे जा रहे एक पार्सल में कस्टम विभाग ने छापा मारकर लगभग 2.68 करोड़ रुपये मूल्य की चाइनीज ई-सिगरेट जब्त की थी। यह खेप कॉस्मेटिक्स के फर्जी दस्तावेजों के जरिए बुक की गई थी। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई के दौरान कस्टम अधिकारियों और जीआरपी के बीच भारी तनातनी देखने को मिली थी।
इतना ही नहीं, उस समय एक आरोपी ने कैमरे के सामने यह दावा किया था कि उसने कस्टम सुपरिटेंडेंट को रिश्वत दी है। इस आरोप ने मामले को और भी संवेदनशील बना दिया और जीआरपी की भूमिका पर सवाल उठे।
कस्टम विभाग ने बाद में स्वतंत्र प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी, लेकिन आरोपी तब से फरार चल रहे थे। हरैया थाना प्रभारी किशन कुमार की सतर्कता के चलते दोनों की गिरफ्तारी हो सकी।
इससे पहले सीबीआई ने भी एक सप्ताह पूर्व रक्सौल स्टेशन के पार्सल अधीक्षक और बुकिंग क्लर्क को हिरासत में लिया था, जिन पर तस्करों से मिलीभगत के आरोप हैं।
दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद सीमावर्ती क्षेत्र में सक्रिय तस्कर गिरोहों में हड़कंप मच गया है। सुरक्षा एजेंसियां अब इनके नेटवर्क को खंगालने में जुट गई हैं और संभावना जताई जा रही है कि पूछताछ में रेलवे व प्रशासनिक अधिकारियों की संलिप्तता भी उजागर हो सकती है।

