Palamu News:- मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जिसमें डिज्नीलैंड मेला देखकर लौट रही एक लड़की का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहन जांच कर रही है।
शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार ने मंगलवार को घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपितों से पूछताछ जारी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही पूरे मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 11 बजे दो सहेलियां डिज्नीलैंड मेला देखकर स्टेशन रोड की ओर जा रही थीं। इसी दौरान ओवरब्रिज के पास कुछ युवकों ने उन्हें रोका और उनमें से एक लड़की को जबरन उठाकर सुनसान जगह पर ले गए। वहां आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता की सहेली ने साहस दिखाते हुए तुरंत पास ही मौजूद टीओपी-2 की पेट्रोलिंग टीम को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही टीओपी-2 प्रभारी राकेश कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और सदीक चौक के पास अपहृत लड़की को सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस ने मौके से कुछ संदिग्ध युवकों को पकड़कर शहर थाना पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि घटना पूर्व नियोजित हो सकती है। फिलहाल पुलिस पीड़िता का बयान दर्ज करने, मेडिकल जांच कराने और सभी साक्ष्य जुटाने में लगी है। दोनों आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जिससे अन्य संभावित सहयोगियों की पहचान की जा सके।
इस घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। देर रात महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय नागरिकों ने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

