Katihar News:- कटिहार जिले में कुर्सेला थाना पुलिस ने पैसे के लेन-देन विवाद में हुए हत्याकांड का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया सामान भी बरामद किया है।
जानकारी के मुताबिक, 28 अगस्त को वसंती देवी ने अपने बेटे के लापता होने की शिकायत कुर्सेला थाना में दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि बबलू साह और उसके बेटे मयंक पर उनके बेटे को गायब करने की आशंका है। मामले में थाना कांड संख्या 184/25 दर्ज की गई थी।
कटिहार पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 5 सितंबर को मनिहारी थाना क्षेत्र के कुमारीपुर से दो आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मयंक कुमार और शंभू शाह शामिल हैं।
पुलिस पूछताछ में मयंक कुमार ने स्वीकार किया कि पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद वारदात को अंजाम दिया गया। उसने कुछ अन्य साथियों के नाम का भी खुलासा किया है, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मयंक कुमार (21 वर्ष), पिता बबलू साह, ग्राम आमगाची, कुर्सेला वार्ड नंबर-12 और शंभू शाह (45 वर्ष), पिता गणपत शाह, ग्राम कटरिया, थाना कुर्सेला, जिला कटिहार के रूप में हुई है।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और फरार अन्य सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी अभियान जारी है।

