Giridih News:- बिहार में अंग्रेजी शराब की आपूर्ति की बड़ी साजिश को गिरिडीह पुलिस ने नाकाम कर दिया। डुमरी एसडीपीओ सुमित कुमार के नेतृत्व में गिरिडीह–डुमरी मार्ग पर वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था, इसी दौरान एक संदिग्ध मालवाहक ट्रक को रोका गया। जांच में ट्रक से लगभग 28 लाख 50 हजार रुपये मूल्य की भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके से तीन तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।
बुधवार को प्रेस वार्ता कर एसपी डॉ. विमल कुमार ने बताया कि तस्कर शराब को पानी की बोतलों के कंटेनरों में छिपाकर बिहार ले जाने की कोशिश कर रहे थे। वाहन जांच के दौरान टीम ने 999 गोल्ड प्रीमियम व्हिस्की की 380 पेटियां और इंडेस कंपनी की 32 पेटियां जब्त कीं। पुलिस के अनुसार बरामद शराब की कुल बाजार कीमत करीब 28.50 लाख रुपये है।
एसपी ने बताया कि तस्करी में इस्तेमाल हुआ मालवाहक ट्रक उत्तर प्रदेश का है, जबकि तस्करों के लिए मार्ग क्लियर करने हेतु एक चार पहिया वाहन भी साथ चल रहा था, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में राहुल कुमार उर्फ बालमुकुंद निराला (टाटी सिलवे, रांची), रोहित गोप (तोरपा, रांची) और ट्रक चालक (राजस्थान निवासी) शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी राहुल कुमार के खिलाफ झारखंड और बिहार के कई थानों में एक्साइज एक्ट सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह गिरोह कितने समय से बिहार में शराब की तस्करी कर रहा था और इसके अन्य सहयोगी कौन-कौन हैं।
एसपी ने कहा कि जिले में अवैध शराब तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और किसी भी कीमत पर ऐसे गिरोहों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे शराब तस्करी की किसी भी गतिविधि की सूचना पुलिस को दें, ताकि इस तरह की अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।

