Rohtas News:– रोहतास जिले में सोमवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। तिलौथू थाना क्षेत्र के डेहरी-रोहतास राष्ट्रीय राजमार्ग पर पेट्रोल पंप के पास ट्रक और ऑटो की आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में ऑटो चालक समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद आसपास के इलाके में कोहराम मच गया और मृतकों के घरों में मातम छा गया।
हादसे में गई तीन जिंदगियां
पुलिस ने बताया कि मृतकों में तिलौथू थाना क्षेत्र के रेडीया गांव निवासी और ऑटो चालक चितरंजन यादव (30), उसका भांजा आयुष कुमार (10) और भांजी सोनाक्षी कुमारी (8) शामिल हैं। वहीं मृतक की बहन सुनीता देवी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई। सुनीता देवी को पहले स्थानीय पीएचसी लाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत देखते हुए सासाराम सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
रिश्तेदारी से लौटते समय हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, चितरंजन यादव अपनी बहन और बच्चों को औरंगाबाद जिले के नवीनगर थाना क्षेत्र के बकतोआ गांव से लेकर अपने गांव रेडीया लौट रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रहे ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
ट्रक चालक फरार, वाहन जब्त
घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गांव में छाया मातम
इस दर्दनाक हादसे से रेडीया गांव समेत पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। मृतक बच्चों की मौत से हर कोई गमगीन है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने और सड़क पर वाहनों की गति नियंत्रित करने की मांग की है।

