Jamshedpur News:- मानगो गोलचक्कर क्षेत्र बुधवार को उस समय तनावपूर्ण हो गया जब गिट्टी, बालू और सीमेंट ढोने वाले छोटे व्यवसायिक वाहनों के चालकों ने पुलिसिया प्रताड़ना और अवैध वसूली के विरोध में सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस उन्हें बेवजह रोकती है, अपराधियों जैसा व्यवहार करती है और जबरन पैसे वसूलती है। चालकों का कहना है कि लगातार महंगाई और घटते काम के बीच पहले ही जीवन यापन कठिन हो गया है, ऐसे में पुलिस की दबंगई ने संकट को और गहरा कर दिया है।
प्रदर्शन के चलते मानगो क्षेत्र में घंटों यातायात ठप रहा। राहगीरों और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। चालकों ने बताया कि वे पहले भी इसी मुद्दे पर प्रदर्शन कर चुके हैं और प्रशासन को अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
इस विरोध में बड़ी संख्या में मजदूर और दिहाड़ी कामगार भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि छोटे ट्रांसपोर्ट वाहनों के बंद हो जाने से गिट्टी और बालू की आपूर्ति पूरी तरह रुक गई है। इसके चलते निर्माण कार्य बंद हो गया है और मजदूरों को रोज़गार नहीं मिल पा रहा।
रानी सोय, बाबू लाल, सोमवार टूडू, राजेन्द्र मिस्त्री और जीतेंद्र कुमार जैसे कई मजदूरों ने कहा कि उनका काम ठप हो चुका है और वे भूखमरी की कगार पर पहुंच गए हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि वह तुरंत हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान निकाले और पुलिस की मनमानी पर रोक लगाए।

