Bihar News: Patna में शुक्रवार को शिक्षक भर्ती परीक्षा टीआरई-4 की अधिसूचना जारी करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इस दौरान कई अभ्यर्थी घायल हो गए, जबकि कुछ के सिर फटने की भी खबर है। घटना के बाद राजनीतिक प्रतिक्रिया भी तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार, हजारों की संख्या में टीआरई-4 अभ्यर्थी सुबह करीब 10 बजे Patna College से मार्च निकालकर बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) कार्यालय की ओर बढ़ रहे थे। प्रदर्शनकारी अभ्यर्थी लंबे समय से शिक्षक भर्ती परीक्षा टीआरई-4 की वैकेंसी जारी करने की मांग कर रहे हैं।
प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने जेपी गोलंबर के पास बैरिकेडिंग कर अभ्यर्थियों को रोक दिया। इस दौरान अभ्यर्थियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। आरोप है कि कुछ अभ्यर्थियों ने बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज शुरू कर दिया। पुलिस कार्रवाई के बाद वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कई अभ्यर्थी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
बताया जा रहा है कि इस प्रदर्शन में करीब पांच हजार अभ्यर्थी शामिल हुए थे। कई छात्रों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें सड़कों पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। घटना के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
छात्र नेता दिलीप ने कहा कि अभ्यर्थियों को लगातार भ्रमित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बीपीएससी परीक्षा नियंत्रक ने 16 अप्रैल को एक पॉडकास्ट में दावा किया था कि टीआरई-4 का विज्ञापन तीन से चार दिनों के भीतर जारी कर दिया जाएगा और आवेदन प्रक्रिया 25-26 अप्रैल से शुरू हो जाएगी। लेकिन अब मई का दूसरा सप्ताह शुरू हो चुका है और अब तक कोई अधिसूचना जारी नहीं हुई है।
वहीं, बिहार के शिक्षा मंत्री Mithilesh Tiwari ने कहा कि सरकार अभ्यर्थियों की समस्याओं को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द समाधान निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि बिहार को शिक्षित बनाने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।
इस मामले पर केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष Chirag Paswan ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने पुलिस लाठीचार्ज को दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताया। सोशल मीडिया पर जारी बयान में उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में युवाओं को अपनी जायज मांग रखने का पूरा अधिकार है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से जल्द टीआरई-4 की अधिसूचना जारी करने की मांग की।
उल्लेखनीय है कि टीआरई-4 के तहत कुल 46,595 पदों पर भर्ती होनी है। इसके लिए शिक्षा विभाग द्वारा अधियाचना पहले ही बीपीएससी को भेजी जा चुकी है।


